यूक्रेन पर हमले का 29वां दिन: नाटो ने उकसाया तो रूस करेगा परमाणु हमला

यूक्रेनी शहरों से नागरिकों की निकासी के लिए बनेंगे सात मानवीय कॉरिडोर

-रूस के सैनिकों ने खेरसान में निष्क्रिय किये 12 हजार से अधिक विस्फोटक

न्यूयार्क/ कीव/ मॉस्को, 24 मार्च (हि.स.)। यूक्रेन पर रूसी हमले के 29वें दिन भी दोनों ओर से घमासान जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के नाटो की बैठक में शामिल होने के लिए ब्रसेल्स पहुंचने के बाद रूस ने चेतावनी दी है कि नाटो ने उकसाया तो रूस परमाणु हमला करेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन नाटो की बैठक में शामिल होने के लिए ब्रसेल्स पहुंच चुके हैं। वे यहां यूक्रेन संकट के साथ अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बाइडेन की इस यात्रा के बीच ही संयुक्त राष्ट्र संघ में रूस के उप राजदूत दिमत्री पोलांस्की ने चेतावनी दी है कि नाटो द्वारा उकसाए जाने पर रूस परमाणु हथियारों का उपयोग करने का अधिकार बरकरार रखता है।

उल्लेखनीय है कि नाटो ने बुधवार को दावा किया था कि यूक्रेन में पिछले चार हफ्ते से जारी लड़ाई में 7000 से 15000 रूसी सैनिक मारे गये हैं।

इस बीच यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री इरिना वीरेशचुक ने कहा कि गुरुवार को यूक्रेन के कस्बों और शहरों से नागरिकों को निकालने के लिए सात ह्यूमैनिटेरियन (मानवीय) कॉरिडोर की स्थापना पर समझौता किया गया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा मारियुपोल छोड़ने की कोशिश की जा रही है। ये लोग बर्दियांस्क तक पहुंचाए जाएंगे।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि रूसी सैनिकों ने खेरसान क्षेत्र में कृषि भूमि को नष्ट करते हुए 12,000 से अधिक विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *