Sanjay Raut: महाविकास आघाड़ी सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी: संजय राऊत

मुंबई, 18 मार्च (हि. स.)। शिवसेना प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य संजय राऊत ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। सरकार गिराने का प्रयास पहले दिन से किया जा रहा है लेकिन यह प्रयास सफल नहीं होगा।

संजय राऊत ने कहा कि आज होली है, सभी रंग खेल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) जिन रंगों से खेल रही है, उसे केंद्र सरकार ने ही प्रतिबंधित कर दिया है। इसके बावजूद भाजपा नकली रंगों के सहारे 365 दिन राजनीतिक होली खेल रही है और सरकार गिराने में लगी हुई है। संजय राऊत ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों की मदद से भाजपा महाविकास आघाड़ी के नेताओं को निशाना बना रही है। बदले की भावना से महाविकास आघाड़ी सरकार के नेताओं का राजनीतिक कैरियर बर्बाद करने की साजिश भाजपा कर रही है। संजय राऊत ने कहा कि महाविकास आघाड़ी इसे बर्दाश्त कर स्वस्थ राजनीति करते हुए जनहित के काम को करती रहेगी।

संजय राऊत ने कहा कि किसी के विरुद्ध गड्ढा खोदना बहुत आसान है। भाजपा हर दिन खड्ढा खोदने की राजनीति कर रही है लेकिन हम किसी के विरुद्ध इस तरह का निम्र स्तर का काम नहीं कर रहे हैं। महाराष्ट्र में भाजपा जिस भगवा की बात कर रही है, उनका भगवा मिलावटी है। असली भगवा हमारे पास है और महाराष्ट्र की जनता को भाजपा की साजिश की राजनीति का पता लग गया है, इसलिए आगामी चुनाव में भाजपा को जनता सबक सिखाएगी।

संजय राऊत ने कहा कि गोवा जीतने के बाद भाजपा जिस तरह से इवेंट कर रही है, उसे गोवा के इतिहास को देख लेना चाहिए। पुर्तगालियों ने भी गोवा को जीत लिया था, गोवा ने पुर्तगालियों को सबक सिखाया था। अंग्रेजों ने भी गोवा जीता था लेकिन गोवा ने अंग्रेजों को भी सबक सिखाया था। इसलिए भाजपा को गोवा जीतने का हौवा नहीं बनाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *