BJP : चार राज्यों में मजबूती से सरकार बनाएंगे: भाजपा

नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दावा किया कि उनकी पार्टी गोवा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मणिपुर की सत्ता में वापसी करने जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी भाजपा नेतृत्व के गठबंधन ने बेहतर चुनाव लड़ा है।

उत्तर प्रदेश में सातवें और अंतिम चरण के मतदान के लिए आज चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यहां भाजपा मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा चारों राज्यों में मजबूती से सत्ता में वापसी कर सरकार बनाने जा रही है। पंजाब में हम अपनी स्थिति को बहुत बेहतर करेंगे। हमने पहली बार पंजाब में गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में चुनाव लड़ा है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा के सत्ता में वापसी का दावा करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के शासन में कानून व्यवस्था में बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है। उत्तर प्रदेश में सभी प्रकार की आपराधिक घटनाओं में 30 से 70 प्रतिशत तक की कमी आई है। सभी माफिया जेल में बंद हैं और महिलाएं और बच्चियां अब खुद को सुरक्षित महसूस करतीं हैं। यही कारण है कि देश के इस सबसे बड़े सूबे में भाजपा मजबूती के साथ सरकार बनाने जा रही है।

शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के कामकाज और उनकी लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश से सांसद हैं। गत शुक्रवार को वाराणसी में मोदी के मेगा रोड शो की चर्चा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि जब काशी में मोदी का रोड शो हुआ, तब जनता अपने लिए काम करने वाले अपने प्रिय नेता का किस प्रकार स्वागत करती है, इसका लोकतंत्र में एक ऐतिहासिक उदाहरण हमने उत्तर प्रदेश के प्रचार में देखा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार लोकतंत्र नीचे तक पनपता दिखाई दे रहा है। जातिवाद, परिवारवार, तुष्टिकरण, इन तीनों नासूरों से मुक्त करके आज हम उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र को पहली बार पनपते हुए देख रहे हैं।

उत्तराखंड में भी भाजपा की वापसी के लिए आश्वस्त नजर आ रहे शाह ने कहा कि इस पर्वतीय राज्य में एक भी भ्रष्टाचार के आरोप के बगैर पूरे पांच साल भाजपा की सरकार चली है। वन रैंक-वन पेंशन की उपलब्धि उत्तराखंड के रिटायर्ड सैनिकों के घर-घर तक पहुंची है।

शाह ने गोवा और मणिपुर में भी भाजपा के सत्ता में वापसी की बात कही।

केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि आजाद भारत के इतिहास में इस चुनाव में एक थोड़े नए और विचित्र प्रकार का प्रचार अभियान रहा। लगभग साढ़े सात साल से देश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी सरकार ने देश के लोगों को इस बात का एहसास दिलाया है कि कोई चुनी हुई सरकार उनके जीवन स्तर को उठाना चाहती है। इन पांचों राज्यों में नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता आजाद भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की लोकप्रियता से कहीं अधिक ऊपर दिखाई पड़ी और इसका सीधा फायदा भाजपा को इस चुनाव में हो रहा है।

इससे पहले नड्डा ने कहा कि 5 राज्यों में पहले चरण का चुनाव कोविड की तीसरी लहर के दौरान शुरू हुआ। प्रचार के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए उन्होंने पांचों चुनावी राज्यों के लोगों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *