Shane Warne: शेन वार्न के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर

दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और सर्वकालिक महान लेग स्पिनर शेन वार्न के आकस्मिक निधन से हर कोई स्तब्ध है। पूरी दुनिया में उनके तमाम चाहनेवाले सोशल मीडिया के जरिये उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं बॉलीवुड के भी कई सितारे शेन वार्न के आकस्मिक निधन से सदमे में हैं और उन्हें सोशल मीडिया के जरिये श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

अभिनेता अक्षय कुमार ने शेनवार्न के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया-‘शेन वॉर्न के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर निशब्द हूँ। आप इस व्यक्ति को जाने बिना क्रिकेट के खेल से प्यार नहीं कर सकते थे। यह बहुत ह्रदय विदारक है, ओम शांति।’

अनुपम खेर ने लिखा-‘महान स्पिन गेंदबाजों में से एक शेन वॉर्न के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध और दुखी हूँ। वह मैदान के जादूगर थे। मुझे उनसे लंदन की एक होटल लॉबी में मिलने का सौभाग्य मिला। वह वास्तव में आसानी से हंस देते थे। आरआईपी, हम आप की प्रतिभा को याद करेंगे।’

शिल्पा शेट्टी ने भी शेन वॉर्न को श्रद्धांजलि देते हुए इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर शेयर की है। तस्वीर को शेयर करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, महापुरुष रहते हैं।’

शिल्पा शेयर की गई यह तस्वीर उस समय की है, जब शिल्पा शेट्टी और शेन वॉर्न ने राजस्थान रॉयल्स में होने के दौरान साथ में काम किया था।

अनिल कपूर ने लिखा-‘ इस खबर ने मेरे जैसे लाखों लोगों को सदमें और अविश्वास में छोड़ दिया है। वह बहुत जल्दी चले गए। आपकी आत्मा को शांति मिले, स्पिन के राजा।’

साउथ सुपरस्टार महेश बाबू ने लिखा-‘इस खबर से स्तब्ध और दुखी हूँ। विश्व क्रिकेट के लिए बेहद दुखद दिन। रेस्ट इन पीस रोड मॉर्श और शेन वॉर्न। आप बहुत याद आएंगे।’

सनी देओल ने लिखा-‘क्रिकेट ने अपना एक सितारा आज खो दिया। शेन वॉर्न की आत्मा को शांति मिले, बहुत जल्दी चले गए आप, प्रार्थना।’

अभिनेता अजय देवगन ने लिखा-‘अभी भी शेन वार्न के आकस्मिक निधन की खबर से स्तब्ध हूँ। भगवन आपकी आत्मा को शांति दें शेन। आपकी विरासत दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में अंकित है।’

इन सब के अलावा मनोज बाजपेयी,सैयामी खेर, ओम राउत, रणवीर सिंह, शिबानी दांडेकर समेत मनोरंजन जगत की तमाम हस्तियां शेन वार्न के निधन पर शोक व्यक्त कर रही है।

उल्लेखनीय है कि बीते दिन 52 साल की उम्र में शेन वार्न का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्हें क्रिकेट के इतिहास में सबसे महान गेंदबाजों में से एक माना जाता है और उन्हें दुनिया का महानतम लेग स्पिनर कहा जाता है। शेन वार्न का निधन क्रिकेट जगत की अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *