Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath : आखिरी चरण के चुनाव के बाद विपक्ष के कई नेता विदेश भागते नजर आएंगे : योगी आदित्यनाथ

वाराणसी, 03 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दावा किया कि पांच चरणों के मतदान के बाद सबके सामने रूझान स्पष्ट है। भाजपा पांच चरणों में ही पूर्ण बहुमत से आगे बढ़ गई है। तीसरे चरण से ही रूझान मिलने लगे। मुख्यमंत्री प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में पिंडरा के भाजपा प्रत्याशी डॉ अवधेश सिंह के समर्थन में बड़ागांव स्थित बलदेव पीजी कॉलेज में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील कर विरोधी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सातवें चरण का चुनाव सम्पन्न होगा तो आठ-नौ-दस मार्च को कई विपक्षी नेता जो दो-तीन महीनों से बिलबिला रहे थे विदेश भागते नजर आएंगे। या फिर बिहार या नेपाल का रुख करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरे चरण के चुनाव के बाद विपक्ष के कई नेताओं ने अपना टिकट करवाकर विदेश भागना शुरू कर दिया। उन्होंने केन्द्र और प्रदेश सरकार के कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र कर कहा कि काशी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक नई पहचान दिलाई है। प्राचीन नगरी काशी अपनी परम्परागत सांस्कृतिक विरासत को सरंक्षित रखते हुए नये कलेवर के रूप में कैसे स्थापित होना चाहिए आज काशी को देखकर सम सब अनुमान लगा सकते है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा भारत वैश्विक मंच पर सम्मान पा रहा है। उत्तर प्रदेश विकास की नई कहानी रच रहा है और काशी को नई पहचान मिल रही है।

महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ने वाली भीड़ का जिक्र कर मुख्यमंत्री ने कहा कि धाम ने काशी को नई पहचान दी। आज काशी में सब कुछ है जिसका काशीवासियों ने तमन्ना की थी। प्रधानमंत्री के निर्देशन में नये भारत का नया उत्तर प्रदेश बना रहे है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में 2017 में अपने दौरे का जिक्र कर कहा कि जिन लोगों ने आपके सामने पहचान का संकट खड़ा किया वे लोग आपके हितैषी नहीं हो सकते। वे सिर्फ नाम और काम के आधार पर चुनाव मैदान में नहीं है, बल्कि माफियाओं और अपराधियों का सहयोग लेकर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कौन नहीं जानता कि भाजपा ने देश के महापुरुषों का सम्मान रखा। तीर्थो का पुनरोद्धार किया। प्रदेश में हुए विकास कार्यो को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या सज रही है, काशी भव्य हो रही है। मथुरा-वृंदावन अपने रूप में दुनिया के सामने जगमगाती दिख रही है।