पंचकूला, 3 मार्च (हि.स.)। एएससी सेंटर एंड कॉलेज बंगलोर और भारतीय सेना की ओर से 26 फरवरी से तीन मार्च तक आयोजित राष्ट्रीय घुडसवारी प्रतियोगिता (टेंट पेगिंग) में देशभर के आर्मी, पैरामिलीट्री, पुलिस व अन्य घुडसवारों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (भानू) के उप सेनानी डॉ0 अमित छेत्री ने अपनी टीम व घोडों के साथ छह पदक जीते। इनमें चार टीम और दो व्यक्तिगत पदक शामिल हैं।
डॉ0 अमित छेत्री (उप सेनानी/वेट), द्वारा अश्व पल्स, हवलदार/एटी जसविंदर सिंह अश्व मस्तमौला, हवलदार/एटी जतिंदर कुमार अश्व विक्टोरिया व सिपाही/एटी नवीन द्वारा अश्व मैरीगोल्ड पर इंडियन फाइल टीम में स्वर्ण पदक हासिल किया गया। हवलदार/एटी सतपाल ने अश्व पुष्पक के साथ रजत पदक प्राप्त किया।
इसी इवेंट में बल की बी टीम हवलदार/एटी सतपाल व हवलदार/एटी निर्मल कुमार ने अश्व पृथ्वीराज पर सिल्वर मेडल जीत कर बल का नाम रोशन किया।
व्यक्तिगत प्रतियोगिता में डॉ0 अमित छेत्री (उप सेनानी/वेट) ने रिंग व पेग इवेन्ट में ब्रांज मेडल जीतकर बल का नाम रोशन किया। इस प्रकार 01 स्वर्ण, 02 रजत और 03 कांस्य पदक के साथ टीमों के द्वारा कुल छह पदक प्राप्त किए गये। महानिरीक्षक ईश्वर सिंह दूहन, उप महानिरीक्षक राजेश शर्मा, सेनानी विक्रांत थपलियाल एवं केजे सिंह, सेनानी/वेट द्वारा समस्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने बताया इस संस्थान में दो से 11 अप्रैल तक 40वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी चैम्पियनशिप और घुड़सवार पुलिस ड्यूटी मीट-2021-22 का आयोजन किया जा रहा है। उसमें केन्द्रीय सशस्त्र बलों तथा सभी राज्यों की पुलिस टीमें भाग लेंगी।
