BJP Sambit Patra : संबित पात्रा पर एफआईआर आदेश के खिलाफ याचिका पर सुनवाई टली

नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई टाल दी है। एडिशनल सेशंस जज चारु अग्रवाल ने 1 अप्रैल को अंतिम सुनवाई करने का आदेश दिया।

मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की कोर्ट में यह याचिका कथित तौर पर किसानों के मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता आतिशी मर्लेना ने दायर की है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट के सेशंस कोर्ट ने 15 दिसंबर 2021 को संबित पात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के आदेश पर रोक लगा दी थी। इससे पहले 23 नवंबर को मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ऋषभ कपूर ने संबित पात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था।

याचिका में कहा गया है कि संबित पात्रा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर अरविंद केजरीवाल को लेकर किसानों से संबंधित एक भड़काऊ वीडियो पोस्ट किया। यह फर्जी वीडियो अपलोड करके संबित पात्रा ने अरविंद केजरीवाल की छवि खराब करने की कोशिश की है। इस वीडियो से सामाजिक अशांति फैलने की संभावना है। याचिका में कहा गया है कि आतिशी ने दिल्ली के इंद्रप्रस्थ थाने में 2 फरवरी को इसकी शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई न होने के बाद उन्होंने तीस हजारी कोर्ट में याचिका दायर की।