Dr. Mansukh Mandaviya : श्रवण विकारों का जल्द पता लगने से उपचार करना संभव: डॉ. मनसुख मंडाविया

नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को 10वें विश्व श्रवण दिवस समारोह के मौके पर कहा कि श्रवण विकारों का शीघ्र पता चलने से उसका उपचार काफी हद तक संभव हो जाता है। इस दिशा में लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस संबंध में जागरूकता पैदा करने में आशा और एएनएम, डॉक्टरों, गैर सरकारी संगठनों, नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा कि भारत में प्रति वर्ष एक लाख से अधिक शिशुओं को सुनने की समस्या आती है। इससे पता चलता है कि यह एक उभरती हुई चुनौती है।

उन्होंने कहा कि सुनाई न देने की दिक्कत का इलाज खुद करने से बचना चाहिए बल्कि डॉक्टरों से परामर्श लेना चाहिए और सुनने की समस्याओं से संबंधित कोई भी दवा लेने से पहले उचित सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समस्या का हल निकालने में प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल गेम चेंजर साबित हो सकता है।