नई दिल्ली, 03 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी सहित देश में फैल रही सामाजिक अशांति पर पीएम मोदी बात नहीं कर रहे हैं । वह मौन हैं । राहुल ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि देश के प्रधानमंत्री को इन मुद्दों पर भी बात करनी चाहिए और समाधान निकालना चाहिए।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्विटर पर उत्तर प्रदेश के युवाओं का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि देश के सामने आज बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक अशांति अहम मुद्दा है। इसके चलते युवा वर्ग में बेचैनी और गुस्सा बढ़ रहा है जो अपने आप में एक बड़ी समस्या है। राहुल ने कहा कि इन मुद्दों का प्रधानमंत्री मोदी को समाधान करना चाहिए लेकिन वह ऐसे विषयों पर वह बात तक नहीं करते हैं ।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस महंगाई, रोजगार सहित दूसरे मुद्दों पर केन्द्र सरकार को लगातार घेरती रही है।
