International Wushu Championship : मॉस्को में आयोजित वुशु चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले रोहित का गुना में स्वागत

गुना, 3 मार्च (हि.स.)। रूस के मॉस्को में आयोजित इंटरनेशनल वुशु चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जितने के के बाद जिले के रोहित जाधव के गुना पहुंचने पर स्वागत किया गया। यह उनका लगातार तीसरा गोल्ड मेडल है।

गुरुवार को मेडल जीतने के बाद गुना पहुंचे रोहित के स्वागत में जुलूस निकाला गया। परिवारवालों सहित शहर के नागरिक और खेल प्रेमियों ने उनका स्वागत किया। रोहित के पिता ऑटो चलाते हैं। रोहित ने बताया कि शुरू में काफी दिक्कतें आईं। उनकी मां ने बताया कि बेटे ने देश का नाम रोशन किया है, वह काफी गर्व महसूस कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि रूस के मॉस्को में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वुशु प्रतियोगिता में कई देशों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। गुना के रोहित ने लीग मैचों से ही अपना दबदबा बनाये रखते हुए उन्होंने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मैडल अपने नाम किया। यह उनका लगातार तीसरे गोल्ड मैडल है।

ऑटो चलाकर पिता संभालते हैं परिवार

रोहित के पिता सुनील जाधव ऑटो चलकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सुनील ने बताया कि वह शुरू से ही चाहते थे कि बेटा उनका नाम रौशन करे। वह खुद ही बेटे को स्टेडियम ले जाया करते थे। खेल में बेटे की शुरू से ही रुचि थी और आगे बढ़ते हुए बेटा इस मुकाम पर पहुंचा है। आगे भी उसका खेल इसी तरह जारी रहेगा। रोहित के कोच ने बताया कि उसमें शुरू से ही सीखने की ललक थी। गुना में ट्रेनिंग के बाद उसे भोपाल में अकादमी जॉइन कराई गई। वहां उसने अपने खेल को और तराशा। उनकी अकादमी के कई खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मैडल जीत चुके हैं। अकादमी के 10 से ज्यादा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड अपने नाम कर चुके हैं।

बहन की आंखें हुईं नम

रूस में मैडल जीतने के बाद गुना पहुंचे रोहित का तमाम लोगों ने स्वागत किया। शहर के कई हिस्सों में जुलूस निकाला गया। भाई की उस उपलब्धि पर रोहित की बहन के खुशी के आंसू निकल आए। उनकी मां ने बताया कि बेटे ने देश का गौरव बढ़ाया है। इस पर वह काफी गर्व महसूस कर रही हैं।