प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति बदली: नड्डा

लखनऊ, 28 जनवरी (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को शाहजहांपुर में प्रबुद्ध मतदाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जो जेल में हैं और बेल पर हैं, उन्हें आराम दीजिए। जो लोग (भाजपा) आपके बीच में हैं, उन्हें काम दीजिए।

नड्डा ने कहा कि इस समय हम सरकार चुनने जा रहे हैं। चुनने से पहले तय करना होगा। सभी पार्टियां मैदान में हैं। मतदाता के लिए दिक्कत की बात हो जाती है कि किसकी बात मानें, किसकी न मानें। कौन सही कौन गलत। सही और गलत का आधार क्या है। मैं हमेशा लोगों से कहता हूं कि हमारे पास एक ही अधिकार है। हमारे पास एक ही आधार है। क्या मैं कह रहा हूं यह महत्वपूर्ण नहीं है, इस पर मुझे मत तोलो, मुझे इस बात पर तोलो कि क्या मैंने कहा था और क्या किया है। इसलिए हम बड़े गौरव के साथ कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति बदल डाली है।

आप याद कीजिए 2017 में क्या सपा काम के आधार पर वोट मांगने गयी थी। नहीं गई थी। इन पार्टियों की यह आदत थी कि नए चुनाव नए वादे, नई बातें करके आगे बढ़ो और फिर नया चुनाव आए तो नया वादा गढ़ो। मोदी जी ने देश को यह सिखा दिया कि रिपोर्ट के कार्ड के आधार पर ही पार्टियां चुनाव में जा सकेंगी। यह है राजनीतिक संस्कृति का परिवर्तन। इसको हमको समझना चाहिए। इसीलिए हम कहते हैं कि जो कहा था, वह किया है। जो कहेंगे,वह करेंगे। इसीलिए कहते हैं सोच ईमानदार, काम दमदार। मैं इसके आगे कहता हूं कि काम असरदार। इसको हमें समझना चाहिए।

किसान नेताओं ने किसानों के लिए क्या किया ?

जेपी नड्डा ने कहा कि देश में बहुत से किसान नेता हुए। उन्होंने खुद को किसान कहलवाया। बहुत बड़े-बड़े सम्मेलन किए। खुद को किसान नेता कहलवाने के लिए समागम किए। आज समय है विवेचना करने का। उन किसान नेताओं ने किसानों के लिए क्या किया है ? मैं शाहजहांपुर के प्रबुद्ध नागरिकों से पूछना चाहता हूं कि उन किसान नेताओं ने किसानों के लिए क्या किया है ? किसान की हालत हमेशा खराब होती रही। उसकी कोई चिंता नहीं हुई। मैं यहां दावे के साथ कह सकता हूं कि जो काम किसानों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया, वह किसी ने नहीं किया। यह मैं कहने के लिए नहीं कह रहा हूं। आप सब लोग जागरूक हैं। 2014 और 2019 के पहले कृषि के लिए 22 हजार करोड़ बजट होता था। आज बजट में कृषि क्षेत्र के लिए एक लाख 23 हजार करोड़ रखा गया है। यह बजट अपने आप में गवाह है कि किसानों के हित में कौन कार्य कर रहा है। लागत की डेढ़ गुना किसानों को देने की हिम्मत किसी और ने नहीं जुटाई। यह काम भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही किया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि दी। कांग्रेस हमेशा किसानों के लिए कर्जा माफ की घोषणा कर देती थी। वह महज 57 हजार करोड़ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी तक 10 करोड़ पचास लाख किसानों के खाते में एक लाख 80 हजार करोड़ रुपये 10 किस्तों में भेज चुके हैं।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भारत का परिदृश्य बदला है। वैश्विक स्तर पर भारत की अलग पहचान उभरकर सामने आई है। पहले दुनिया के लोग भारत को दूसरी नजर से देखते थे, आज मोदी के युग में भारत ने जबरदस्त छलांग लगाई है। लोग भारत को सम्मान की नजरों से देखते हैं। इसके अलावा नड्डा ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। पार्टी की चुनाव जीतने वाली रणनीति पर विस्तार से चर्चा भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *