डब्ल्यूएचओ महानिदेशक टेड्रोस को मिलेगा दूसरा कार्यकाल, अमेरिकी मदद में कटौती

जेनेवा, 26 जनवरी (हि.स.)। कोरोना महामारी के दौरान अमेरिकी आलोचना के बावजूद विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्येयियस को इस दायित्व का दूसरा कार्यकाल मिलने जा रहा है। इस बीच अमेरिका ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को दी जाने वाली आर्थिक मदद में 25 प्रतिशत की कटौती कर दी है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्येयियस को संगठन के कार्यकारी बोर्ड ने संगठन के कार्यकारी बोर्ड ने दूसरे कार्यकाल के लिए नामित कर दिया है। उनका पांच साल का कार्यकाल इसी वर्ष (2022 में) समाप्त हो रहा है। उनकी नियुक्ति पर अंतिम फैसला मई में विश्व स्वास्थ्य महासभा में होगा, किन्तु उनका पुनः महानिदेशक बनना तय माना जा रहा है, क्योंकि उनके अलावा कोई अन्य नामांकन ही नहीं हुआ था। वैसे कोरोना महामारी से निपटने के उनके तरीके की आलोचना अमेरिका सहित दुनिया के कई देशों ने की थी। इथियोपियाई नागरिक टेड्रोस को अपने ही देश की आलोचनात्मक टिप्पणियों का सामना भी करना पड़ा था।

डब्ल्यूएचओ को लेकर अमेरिका की नाराजगी का असर उसकी आर्थिक मदद में कटौती के रूप में सामने आया है। कोरोना महामारी के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन की आलोचना करने वाले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डब्ल्यूएचओ को दी जाने वाली अमेरिकी मदद में कटौती का फैसला किया था। अब इस पर अमल करते हुए अमेरिका ने 25 प्रतिशत मदद कम कर दी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार अमेरिका से विश्व स्वास्थ्य संगठन को लगभग 20 करोड़ डॉलर यानी लगभग 1500 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता में कमी की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *