लाइबेरिया के चर्च में भगदड़, 11 बच्चों सहित 29 की मौत

मोनरोविया, 21 जनवरी (हि.स.)। पश्चिम अफ्रीकी देश लाइबेरिया की राजधानी मोनरोविया के उपनगर क्रू टाउन में एक चर्च में मची भगदड़ जानलेवा हो गयी। हादसे में 11 बच्चों और एक गर्भवती महिला सहित 29 लोगों की मृत्यु हो गयी और कई लोग घायल हो गए।

लाइबेरिया के क्रू टाउन स्थित चर्च में धार्मिक आयोजन के दौरान ठगों के एक गिरोह ने चाकुओं के साथ हमला कर दिया। लाइबेरिया के राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता मूसा कार्टर के अनुसार समुद्र तट क्षेत्र में स्थित चर्च में उस समय सैकड़ों लोग उपस्थित थे। उन पर चाकुओं से हमला होने पर वहां भगदड़ मच गयी। भगदड़ में कम से कम 29 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

कार्टर ने कहा कि मरने वालों में 11 बच्चे और एक गर्भवती महिला शामिल है। कई लोग इस भगदड़ में घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत बहुत गंभीर है, इस कारण उनमें से कुछ और लोगों की मृत्यु हो सकती है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि चाकुओं से हमला करने वाले ठगों के गिरोह की तलाश की जा रही है। अब तक एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।

लाइबेरिया के राष्ट्रपति जार्ज वेह ने बयान जारी कर कहा कि वह भगदड़ में लोगों की मौतों की खबर से आहत हैं। उन्होंने कहा कि घटना का पूरा विवरण अभी सामने नहीं आया है लेकिन पुलिस को व्यापक जांच सुनिश्चित करने और अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिये गए हैं। राष्ट्रपति ने पुलिस से समयबद्ध व तेज जांच करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *