वेलिंगटन, 15 जनवरी (हि.स.)। न्यूजीलैंड के पास स्थित द्वीपीय देश टोंगा में समुद्र के भीतर ज्वालामुखी फट गया। इसके बाद दक्षिण प्रशांत द्वीपीय देशों पर सुनामी का खतरा मंडरा रहा है। इस आशय की चेतावनी भी जारी कर दी गयी है। टोंगा के आसपास समुद्र में ऊंची लहरें उठती देखी जा रही हैं।
टोंगा के पास समुद्र में हंगा टोंगा हंगा हापाई ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद समुद्र तट की ओर बढ़ती विशाल लहरों को देखते हुए सुनामी की चेतावनी जारी की गई। टोंगा प्रशासन ने समुद्र तट की बस्तियां खाली कर वहां रहने वाले लोगों को बचाने के लिए नजदीक के ऊंचे स्थान पर भेजा गया है। इस द्वीपीय देश में संचार की सेवाएं ज्यादा अच्छी न होने के कारण भी अतिरिक्त समस्याएं हो रही हैं। टोंगा में एक लाख से अधिक लोग रहते हैं। निकटवर्ती फिजी और समोआ में भी अधिकारियों ने चेतावनी जारी की है। नागरिकों को मजबूत एवं खतरनाक लहरों के दृष्टिगत समुद्र के किनारे न जाने के निर्देश दिए गए हैं।
आस्ट्रेलिया के मौसम विज्ञान ब्यूरो ने कहा कि नुकु आलोफा के 65 किमी उत्तर में हुआ ज्वालामुखी विस्फोट सुनामी का कारण बना है। आस्ट्रेलिया स्थिति की निगरानी कर रहा है किन्तु आस्ट्रेलिया द्वीपों या क्षेत्रों के लिए सुनामी का कोई एलर्ट जारी नहीं किया गया है। प्रशांत सुनामी चेवानी केंद्र ने टोंगा की राजधानी नकुआलोफा में 83 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी लहरों का दावा किया है। इसके अलावा अमेरिकन समोआ की राजधानी पागो पागो में दो फीट ऊंची समुद्री लहरें देखी गयी हैं।