आयकर रिटर्न फाइल करने की समय सीमा 15 मार्च तक बढ़ी

-अब आंकलन वर्ष 2021-22 के लिए 15 मार्च तक भर सकते हैं रिटर्न

नई दिल्ली, 11 जनवरी (हि.स.)। सरकार ने करदाताओं को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय प्रत्यक्ष बोर्ड (सीबीडीटी) ने आंकलन वर्ष 2021-22 के लिए आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने की समय सीमा 15 मार्च तक बढ़ा दिया है। वित्त मंत्रालय ने ट्वीट कर मंगलवार को यह जानकारी दी।

वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक सीबीडीटी ने वित्त वर्ष 2020-2021 (आकलन वर्ष 2021-2022) के लिए आईटीआर दाखिल करने की समय सीमा 15 मार्च, 2022 तक बढ़ा दिया है। इसके पहले इनकम टैक्स रिटर्न भरने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर, 2021 थी, जिसे अब तीन महीने बढ़ाकर 15 मार्च, 2022 कर दिया गया है। इसके साथ ही टैक्स ऑडिट की रिपोर्ट जमा करने की अंतिम तारीख को भी 15 फरवरी, 2022 तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

राजस्व विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक करदाता वित्त वर्ष 2020-21 और आंकलन वर्ष 2021-22 के के लिए अपना आईटीआर 15 मार्च, 2022 तक दाखिल कर सकते हैं। राजस्व विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार मौजूदा कोविड-19 स्थिति के कारण करदाताओं की कठिनाइयों को देखते हुए आईटीआर फाइल करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि आयकर अधिनियम-1961 के प्रावधानों के तहत विभिन्न ऑडिट रिपोर्ट की ई-फाइलिंग में आने वाली समस्याओं के कारण भी यह समय सीमा बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *