उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर कार्यक्रम, राज्यपाल ने ली परेड की सलामी

2025 तक हर क्षेत्र में सर्वोच्च स्थान के लिए राज्य सरकार कर रही कार्य-मुख्यमंत्री

देहरादून, 9 नवम्बर (हि. स.)। उत्तराखंड राज्य निर्माण का 21 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने परेड की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

मंगलवार को राजधानी देहरादून स्थित पुलिस लाइन मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण में शहीद आन्दोलनकारियों को नमन किया। स्थापना दिवस पर मुख्य कार्यक्रम में पुलिस बल के अलग अलग सुसज्जित टुकड़ियों का कदम- ताल देखते ही बन रहा था। इस कार्यक्रम में घुड़सवार,महिला, कमांडों सहित अन्य दस्ता शामिल रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कचहरी परिसर देहरादून में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष के परिणामस्वरूप ही उत्तराखंड राज्य बना। राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड युवावस्था में है। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को सभी क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस बीच जानकारी है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को 21वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गैरसैंण जाएंगे। वहां वह भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में राज्य स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे। करीब 11.30 बजे तक यह कार्यक्रम होगा और यहां से मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गैरसैंण के लिए रवाना हो जाएंगे।

आज सायं राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत भी प्रतिभाग करेंगे। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा कांग्रेस,यूकेडी के साथ अन्य राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *