मुकुल रॉय को विधायक पद से बर्खास्त करने के लिए शुभेंदु ने विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

कोलकाता, 18 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का साथ छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में  वापस जा चुके ममता बनर्जी के पूर्व सहयोगी मुकुल रॉय का विधायक पद खारिज करने की मांग पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी के नाम पत्र लिखा है।
शुक्रवार दोपहर 12 बजे के करीब  शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा अध्यक्ष विमान के नाम चिट्ठी भेजी है। इसमें उन्होंने मांग की है कि बिना विधायक पद से इस्तीफा दिए मुकुल रॉय ने पार्टी बदली है इसलिए उन्हें विधायक पद से तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को ही शुभेंदु ने इसकी तैयारी शुरू कर दी थी लेकिन उस दिन विधानसभा का सचिवालय बंद था और पत्र लेने की प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकी। शुक्रवार  को उन्होंने सीधे विधानसभा अध्यक्ष को चिट्ठी भेजी है।