राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी

वाराणसी, 12 जून (हि.स.)। राजस्‍थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और श्री संकट मोचन दरबार में दर्शन पूजन किया। दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आये राज्यपाल ने पहले दिन शुक्रवार की शाम मिर्जापुर जनपद में स्थित मां विंध्‍यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाई थी। 
 सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद राज्यपाल काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। दरबार में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दर्शन पूजन के बाद राज्यपाल ने विश्वनाथ कॉरिडोर में चल रहे निर्माण कार्य को भी देखा। 
 कॉरिडोर का अवलोकन करने के बाद राज्यपाल ने श्री संकट मोचन मंदिर में भी दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के दौरान मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों मंदिरों में दर्शन पूजन के बाद राज्यपाल दानगंज पहुंचे। यहां उन्होंने दिव्यांग थैरेपी सेंटर का भूमि पूजन किया। यहां राज्यपाल का स्वागत भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से किया। दानगंज से राज्यपाल वापस बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर पहुंचे और चार्टर्ड प्लेन से  जयपुर रवाना हो गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *