ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले पांच एथलीटों को नहीं लगी कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक

नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। मुक्केबाज सिमरनजीत और निशानेबाज सौरभ चौधरी उन पांच ओलंपिक एथलीटों में शामिल हैं, जिन्हें अभी तक कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक नहीं दी गई है। इन दोनों के अलावा निशानेबाज राही सरनोबत, दीपक कुमार और मैराज अहमद खान अन्य एथलीट हैं,जिन्हें कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक नहीं मिली है।
दरअसल ये पांचों एथलीट कोरोना से संक्रमित हो गए थे और अब संक्रमण से उबर गए हैं,जल्द ही इन्हें भी पहली खुराक मिल जाएगी। बता दें कि लगभग 120 एथलीटों और 27 पैरा-एथलीटों को वैक्सीन की पहली खुराक मिल चुकी है, जबकि 58 एथलीटों और चार पैरा-एथलीटों को उनकी दूसरी खुराक मिल गई है। इसके अलावा, 114 कोचों और सहयोगी स्टाफ को उनकी पहली खुराक मिली है जबकि 37 सदस्यों को उनकी दूसरी खुराक भी मिली है। 
गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होंगे और 8 अगस्त तक चलेंगे। ओलंपिक का आयोजन पिछले साल होने वाला था, लेकिन इसे कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दिया गया था।