कोलंबो,06 जून (हि.स.)। श्रीलंका के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या को 2021-22 सीजन के लिए मेलबर्न क्लब की टीम मुलग्रेव का मुख्य कोच बनाया गया है। जयसूर्या का कार्यकाल एक साल का होगा।
जयसूर्या के अलावा तिलकरत्ने दिलशान और उपुल तरंगा मुलग्रेव के साथ बतौर खिलाड़ी जुड़े हैं और अब जयसूर्या अपने साथ खेले इन दोनों खिलाड़ियों को कोचिंग देंगे।
मुलग्रेव क्लब ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ” हम जयसूर्या को अपने साथ जोड़कर काफी रोमांचित महसूस कर रहे हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि जयसूर्या क्लब के सीनियर और युवा खिलाड़ियों को अहम मार्गदर्शन देंगे।”
मुलग्रेव क्लब के अध्यक्ष मालिन पुलेनयेगम ने कहा, “जयसूर्या के साथ खेलने वाले तिलकरत्ने दिलशान ने उन्हें क्लब के साथ जोड़ने में हमारी काफी मदद की है। हम बीते कुछ वक्त से दिलशान के जरिए जयसूर्या के संपर्क में थे। उनसे लीजेंड सीरीज के दौरान बातचीत शुरू हुई थी। इसमें दिलशान ने काफी सहयोग किया था।”
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जयसूर्या के नाम 42 शतक हैं। वह 1996 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूनार्मेंट रहे थे और उन्होंने श्रीलंका को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
2021-06-06
