झारखंड के प्रसिद्ध व्यवसायी ज्ञान प्रकाश जालान का कोरोना से निधन

10/05/2021रांची, 10 मई (हि.स.)। झारखंड के प्रतिष्ठित व्यवसायी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य ज्ञान प्रकाश जालान का सोमवार को दिल्ली में इलाज के क्रम में निधन हो गया है। वह रांची विभाग के पूर्व संघचालक और जालान सत्तू के मालिक भी थे। उनके निधन से व्यवसायियों में शोक की लहर है। वह कोरोना से पीड़ित थे। कुछ दिनों पहले उन्हें एयर एंबुलेंस से रांची से दिल्ली ले जाया गया था। वहां एम्स में इलाज चल रहा था। उनके निधन पर पूरा संघ परिवार मर्माहत है। झारखंड के सह प्रांत संघचालक अशोक श्रीवास्तव ने शोक जताते हुए कहा कि ऐसे स्वयंसेवक बहुत कम ही मिलते हैं, जो संघ के साथ-साथ सभी अनुषांगिक संगठनों की चिंता करते हो। जब भी किसी अनुषांगिक संगठनों को मदद की जरूरत पड़ी वे हमेशा तैयार रहते थे। एम्स में इलाज के दौरान सरसंघचालक मोहन भागवत ने भी समाचार लिया था। विकास भारती के सचिव अशोक भगत ने कहा कि सच्चा हितैषी खो दिया। एकल के संस्थापक श्याम गुप्त ने कहा कि एकल को आगे बढाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान था, जिसे संगठन कभी भुला नहीं सकता। उनके निधन की खबर सुनते ही शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। विद्या भारती के क्षेत्र सचिव व क्षेत्र मंत्री ने कहा कि वे आदित्य प्रकाश जालान सरस्वती विद्या मंदिर और बीएड कालेज के सरंक्षक भी थे। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री वीरेंद्र साहू सहित अन्य नेताओं ने भी उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कालेज का निर्माण करवाकर संगठन को सौंप दिया था। उनके निधन पर झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स, भाजपा सहित कई दलों के नेताओं और व्यवसायियों ने भी दुख जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *