हिसार भाजपा जिला अध्यक्ष बोले, महामारी के बावजूद सरकार का विकास कार्यों पर पूरा ध्यान

–एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा सेक्टर 16-17 आरओबी का निर्माण–सरोज सिहाग को प्रदेश सचिव बनाने का किया स्वागत-
हिसार, 07 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कै. भूपेन्द्र, वीरचक्र ने कहा है कि कोरोना महामारी के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों पर पूरा ध्यान दे रही है। विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से जारी है वहीं हिसार के बड़े प्रोजेक्ट सेक्टर 16-17 आरओबी का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। आगामी एक सप्ताह तक इसका कार्य पूर्ण हो जाने की संभावना है।शुक्रवार को जारी एक बयान में कैप्टन भूपेंद्र ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण हर कार्य प्रभावित हुए हैं। लेबर की कमी के चलते विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके बावजूद सरकार के प्रयासों से विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों पर विशेष ध्यान देकर उन्हें पूरा करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेक्टर 16-17 आरओबी का निर्माण इस क्षेत्र के निवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग थी। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार ने इस कार्य को गति दी और इसी की बदौलत इस आरओबी का निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। संभावना है कि एक सप्ताह के अंदर इसका निर्माण कार्य पूण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर 16-17 का यह आरओबी बनने से क्षेत्रवासियों को भारी फायदा होगा, ट्रेन आने की हालत में फाटक बंद होने से लंबा जाम नहीं लगेगा और यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहेगी। कै.भूपेन्द्र, वीरचक्र ने भाजपा नेत्री सरोज सिहाग को प्रदेश संगठन में प्रदेश सचिव बनाए जाने का स्वागत किया और इसके लिए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश धनखड़ व अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने प्रदेश के संगठन में हिसार की महिला नेता को स्थान देकर हिसार का सम्मान बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *