किसानों के लिए चौधरी अजित सिंह के संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा : कांग्रेस

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। कांग्रेस ने गुरुवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि किसानों के हित के लिए उनके संघर्ष को हमेशा याद किया जाएगा।

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पुत्र चौधरी अजित सिंह का आज गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। 82 वर्षीय अजित सिंह कोरोना संक्रमित थे। दिवंगत नेता के परिवार ने एक बयान में कहा, “चौधरी अजित सिंह 20 अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाय गए थे और आज प्रातः उन्होंने अंतिम सांस ली। असीम दुःख की घड़ी है। अंतिम समय तक भी चौधरी साहब संघर्ष करते रहे!”

कांग्रेस महासचिव और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा, “लोकप्रिय नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और किसान हितैषी नेता चौधरी अजित सिंह जी के निधन की दुखद खबर मिली। चौधरी साहब के निधन से समाज एवं राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है।”

उन्होंने अजित सिंह के बेटे, जयंत चौधरी के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “जयंत चौधरी व आरएलडी साथियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर चौधरी साहब को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि रालोद नेता के निधन की खबर दुखद है। उन्होंने सिंह के परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राहुल ने दिवंगत नेता की तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, “राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख अजित सिंह जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। उनके परिवार व प्रियजनों को मेरी संवेदनाएं।”

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि किसानों के लिए उनके संघर्ष को सदैव याद किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि इस विकट समय में कांग्रेस परिवार की संवेदनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें किसानों का हमदर्द और धरती पुत्र की संज्ञा दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “किसानों के हमदर्द और धरती पुत्र, चौधरी अजित सिंह के देहांत की दुःखद ख़बर से मन अति व्यथित है। किसान की आवाज़ को देश में आज भारी क्षति हुई है। खेतिहर के हर संघर्ष में साथ निभाने वाले अनथक योद्धा सदैव हमारी स्मृति में रहेंगे। मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि!” उन्होंने अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “ईश्वर जयंत चौधरी को ताकत दे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *