नई दिल्ली 05 मई (हि.स.)। भारत ने अफगानिस्तान के लोगार में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है और एक बार फिर आतंकियों की पनाहगाहों को खत्म किए जाने की मांग की है। भारत ने कहा है कि वह अफगानिस्तान में स्थायी और व्यापक शांति का पक्षधर है और दुख की घड़ी में अफगानिस्तान के लोगों के साथ खड़ा है।
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत लोगार में हुए एक कार बम धमाके में 21 लोगों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने का समाचार है। धमाका एक गेस्टहाउस को निशाना बनाते हुए किया गया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत इस हमले की कड़ी निंदा करता है। दुख की इस घड़ी में भारत अफगानिस्तान के लोगों और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारत एक बार फिर अफगानिस्तान में सतत शांति के लिए स्थायी और व्यापाक संघर्ष विराम की जरूरत को दोहराता है। इसी क्रम में भारत दृढ़ता के साथ आतंकियों की पनागाहों को खत्म किए जाने की अपील करता है। इस घड़ी में भारत आतंकवाद से जूझ रहे अफगानिस्तान के लोगों और अफगान सुरक्षाबलों के साथ एकजुटता रखता है।
