संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में 26-27 अक्टूबर को 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच का आयोजन

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। संसद भवन परिसर के संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आगामी 26 एवं 27 अक्टूबर को 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच का आयोजन किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को संसद परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी।

बिरला ने बताया कि इस दो दिवसीय उच्चस्तरीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और आगंतुक शिष्टमंडलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस वर्ष के मंच का मुख्य विषय ‘जनकेंद्रित विकास के लिए संसदों का सुदृढ़ीकरण’ रखा गया है। सम्मेलन के दौरान चार प्रमुख विषयों पर आम सहमति पर आधारित संवाद होगा। इनमें बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए संस्थाओं को सुदृढ़ करने में संसदों की महत्वपूर्ण भूमिका, संसदों के माध्यम से एआई और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में मानव-केंद्रित नवोन्मेष को बढ़ावा देना, संसदीय सहयोग के माध्यम से अधिक प्रातिनिधिक वैश्विक शासन व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा सदस्य देशों का संधारणीय और समावेशी भविष्य सुनिश्चित करने में संसदों की भूमिका शामिल है।

बिरला ने बताया कि संसदीय कूटनीति, क्षमता निर्माण और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान पर चर्चा के लिए ब्रिक्स सदस्य तथा भागीदार देशों की संसदों की अंतरराष्ट्रीय मामलों की समितियों के अध्यक्ष की एक विशेष बैठक होगी। संयुक्त वक्तव्य को अंतिम रूप देने के लिए 25 अक्तूबर को शिष्टमंडलों के सचिवों की बैठक आयोजित की जाएगी। पूर्ण सत्रों और द्विपक्षीय वार्ताओं के अलावा, अतिथियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा भोज का आयोजन किया जाएगा। मेहमान प्रतिनिधि भारतीय संसद का दौरा करने के साथ-साथ दिल्ली के सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी करेंगे।

इस आयोजन में ब्रिक्स के सदस्य देशों तथा भागीदार देशों के पीठासीन अधिकारी, संसदीय नेता, केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और विभिन्न राज्यों के विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी हिस्सा लेंगे। लोकसभा अध्यक्ष सम्मेलन के दौरान कार्यवाही की अध्यक्षता करने के साथ-साथ विदेशी संसदीय शिष्टमंडलों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और समापन भाषण देंगे।

Leave a Reply