नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2027 सत्र से पहले भारतीय टीम के पूर्व स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा को स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। आईपीएल में शानदार खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाने वाले मिश्रा पहली बार कोच की भूमिका में नजर आएंगे।
अमित मिश्रा ने पिछले साल सितंबर में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लिया था। उन्होंने आईपीएल में 162 मुकाबले खेले और 174 विकेट हासिल किए। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। उनके नाम आईपीएल में सबसे अधिक तीन हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।
मिश्रा आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेल चुके हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर उनकी नियुक्ति की घोषणा करते हुए उन्हें टीम का सर्वाधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज बताया और उनकी वापसी का स्वागत किया।
चमिंडा वास बने गेंदबाजी कोचदिल्ली कैपिटल्स ने श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास को भी गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। वह पिछले दो सत्रों से इस पद पर रहे मुनाफ पटेल की जगह लेंगे। वास श्रीलंका के प्रमुख गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 111 टेस्ट मुकाबलों में 355 विकेट लिए, जबकि एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 322 मैचों में 400 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 3,089 और एकदिवसीय मुकाबलों में 2,025 रन भी बनाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स का कोचिंग स्टाफ मुख्य कोच सौरव गांगुली के नेतृत्व में नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। फ्रेंचाइजी ने हाल ही में युवराज सिंह को सहायक और बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। अमित मिश्रा और चमिंडा वास की नियुक्तियों से टीम को स्पिन और तेज गेंदबाजी के क्षेत्र में अनुभवी मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।
