(लीड) पंजाब में झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश

चंडीगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आज पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचने से पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की सिफारिश की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी साझा की। मान ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे परमिंदर सिंह झोटा के पिता और उनके परिवार के साथ सरकार हर समय मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने नशे के तस्करों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार कोई भी सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।

अमित शाह आज पंजाब के एक दिवसीय दौरे में झोटा के परिवार से भी मिलेंगे। इससे पहले, सोमवार को झोटा के पिता भीम सिंह ने अमित शाह पर भरोसा जताते हुए कहा था कि उनका उनसे कोई विरोध नहीं है। वे देश के गृहमंत्री का सम्मान करते हैं। अगर उनकी या झोटा की वजह से कोई विरोध प्रदर्शन होता है, तो यह शर्म की बात होगी। भले ही इस प्रदर्शन से सीधे तौर पर गृहमंत्री प्रभावित न हों, लेकिन अगर वे उनके घर आते हैं और रास्ते में उन्हें विरोध का सामना करना पड़ता है, तो यह झोटा की मौत का अपमान होगा।

मानसा जिले में बठिंडा रोड पर एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। झोटा मेडिकल स्टोर पर गए थे और आरोप लगाया था कि वहां नशीले कैप्सूल बेचे जा रहे हैं। वह घटना का वीडियो भी बना रहे थे। बहस के बाद मेडिकल स्टोर के मालिक ने उन पर तीन गोलियां चलाईं। मानसा सिविल अस्पताल लाए जाने के बाद झोटा को मृत घोषित कर दिया गया था।

झोटा पंजाब के मानसा जिले के एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट थे।

Leave a Reply