चोट के कारण इगा स्वियातेक निंगबो ओपन से हटीं, डब्ल्यूटीए फाइनल्स की दौड़ से भी बाहर

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन पोलैंड की इगा स्वियातेक ने जांघ की चोट के कारण निंगबो ओपन से नाम वापस ले लिया है। इस फैसले के साथ ही साल के अंतिम टूर्नामेंट डब्ल्यूटीए फाइनल्स के लिए सीधे क्वालीफाई करने की उनकी उम्मीदें भी समाप्त हो गई हैं।

स्वियातेक को वुहान ओपन के सेमीफाइनल में अपनी हमवतन माजा च्वालिंस्का के खिलाफ मुकाबले के दौरान बाएं जांघ में चोट लगी थी। इस मुकाबले में उन्हें 5-7, 1-6 से हार का सामना करना पड़ा था। चोट के कारण वह मैच के दौरान भी असहज नजर आई थीं और उन्होंने पैर के उपचार के लिए मेडिकल टाइमआउट लिया था।

निंगबो ओपन के आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर जारी बयान के अनुसार, स्वियातेक ने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह से उनकी बाईं जांघ में लगातार परेशानी बनी हुई है। उन्होंने सोच-विचार के बाद टूर्नामेंट से हटने और आराम कर चोट से उबरने का फैसला किया है। उन्होंने आयोजकों और उन्हें खेलते देखने की उम्मीद कर रहे प्रशंसकों का आभार जताते हुए अगले वर्ष वापसी की उम्मीद भी व्यक्त की।

वर्ष 2023 में डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब जीत चुकीं स्वियातेक फिलहाल साल के अंतिम टूर्नामेंट की क्वालीफिकेशन दौड़ में नौवें स्थान पर हैं। उनके लिए सीधे प्रवेश का रास्ता बंद हो गया है। अब वह केवल वैकल्पिक खिलाड़ी के रूप में ही इस टूर्नामेंट में जगह बना सकती हैं।

डब्ल्यूटीए फाइनल्स में अभी एक स्थान शेष है। इस स्थान के लिए स्वियातेक के साथ चेक गणराज्य की कैरोलिना मुचोवा भी दौड़ में थीं, जो फिलहाल सातवें स्थान पर हैं।

वुहान ओपन के सेमीफाइनल में स्वियातेक शुरुआती सेट में 3-5 से पिछड़ रही थीं, लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर 5-5 कर दिया। इसके बाद पैर में उपचार के लिए उन्हें मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा। कोर्ट पर लौटने के बाद चोट से प्रभावित दिखीं स्वियातेक पहला सेट गंवा बैठीं और दूसरे सेट में भी च्वालिंस्का ने दबदबा बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply