रॉबर्ट हॉल और माइकल वुडफोर्ड को 2026 का अर्थशास्त्र का संयुक्त नोबेल पुरस्कार

स्टॉकहोम, 12 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिकी अर्थशास्त्री रॉबर्ट ई. हॉल और माइकल वुडफोर्ड को वर्ष 2026 के लिए संयुक्त रूप से अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों को यह सम्मान ऐसे आर्थिक मॉडल विकसित करने के लिए प्रदान किया जाएगा, जिनसे मंदी एवं महंगाई जैसी समस्याओं से निपटने के लिए बेहतर नीतियां बनाने में मदद मिलती है।

स्वीडन के रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में इस पुरस्कार का ऐलान किया। स्वीडिश एकेडमी ने बताया कि इस वर्ष का अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में अर्थशास्त्र के क्षेत्र में दिया जाने वाला स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार अमेरिकी मूल के प्रसिद्ध अर्थशास्त्रियों- 83 वर्षीय रॉबर्ट ई. हॉल और 71 वर्षीय माइकल वुडफोर्ड को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा। दोनों को यह सम्मान ऐसे मैक्रोइकोनॉमिक (व्यापक अर्थशास्त्र) के मॉडल विकसित करने के लिए प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने वैश्विक नीति निर्माताओं को अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में अभूतपूर्व मदद की है।

यह पुरस्कार 10 दिसंबर को अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप मिलने वाली कुल 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (11.47 करोड़ रुपये) की धनराशि दोनों में बराबर-बराबर बांटी जाएगी। इस वर्ष दिए जाने वाले नोबेल पुरस्कारों में यह आखिरी पुरस्कार है।

अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार का आधिकारिक नाम ‘आर्थिक विज्ञान में स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार’ है जिसे अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में स्वीडन के केंद्रीय बैंक स्वेरिग्स रिक्सबैंक ने 1968 में स्थापित किया था। इसे पहली बार 1969 में प्रदान किया गया था। यह पुरस्कार मूल रूप से अल्फ्रेड नोबेल की 1895 की वसीयत में शामिल 5 पुरस्कारों में शामिल नहीं था, बल्कि स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने इसकी शुरुआत की थी।

अब तक इस पुरस्कार के अधिकांश विजेता अमेरिका से रहे हैं। हालांकि, इसे जीतने वाली महिलाओं की संख्या अब तक केवल तीन है। वर्ष 2023 में क्लाउडिया गोल्डिन को अमेरिका में वेतन और रोजगार पर लैंगिक अंतर के प्रभाव से जुड़े उनके शोध के लिए यह पुरस्कार दिया गया था।

वहीं, इस साल पुरस्कार के संभावित विजेताओं को लेकर इंस्टीट्यूट फॉर साइंटिफिक इन्फॉर्मेशन ने मौद्रिक नीति, सूचना प्रौद्योगिकी के अर्थशास्त्र और विकासवादी आर्थिक सिद्धांत पर काम करने वाले शोधकर्ताओं के नामों का आकलन किया था।

पिछले साल यह पुरस्कार जोएल मोकिर, फिलिप एघियन और पीटर हॉविट को मिला था। उन्हें ‘क्रिएटिव डिस्ट्रक्शन’ यानी नई तकनीक और उत्पादन के तरीकों के जरिए आर्थिक विकास तथा जीवन स्तर में सुधार से जुड़े काम के लिए सम्मानित किया गया था।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिछले सप्ताह चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य और शांति के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की गई थी।

Leave a Reply