नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने संयुक्त सचिव और संयुक्त सचिव के समकक्ष स्तर के 27 अधिकारियों की नियुक्तियों को मंजूरी दी है। इन नियुक्तियों में गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, संस्कृति मंत्रालय, कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय और अन्य प्रमुख विभागों एवं संस्थानों में तैनाती शामिल है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बृजेश पांडे को पूंजी विकास विभाग में संयुक्त सचिव और निखिल वर्मा को दिल्ली में विदेश व्यापार महानिदेशालय में अतिरिक्त महानिदेशक नियुक्त किया गया है। तन्वी सुंद्रीयाल को कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय तथा इंद्रजीत सिंह को संस्कृति मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। प्रकाश राजपुरोहित को भारत निर्वाचन आयोग में उप निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में मोहम्मद वाई. सफीरुल्ला के. और ऋतु शर्मा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, डेका को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण में संयुक्त सचिव और मोरे आशीष मधाओराव को इसी प्राधिकरण में संयुक्त सचिव स्तर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
गृह मंत्रालय में रवि शंकरकर, चित्तरंजन दाश, पी. मनोज कुमार और अभिषेक भगोतिया को संयुक्त सचिव के रूप में नियुक्ति की मंजूरी दी गई है। नवीन अग्रवाल को विधि कार्य विभाग और एम. रामचंद्रुड्रु को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
अन्य नियुक्तियों के तहत विवेक खरे को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी में संयुक्त सचिव, सोनिया पंत को नीति आयोग में सलाहकार (संयुक्त सचिव स्तर), नितिन कुमार को केंद्रीय सतर्कता आयोग में अतिरिक्त सचिव (संयुक्त सचिव स्तर) और सी. मुरुगन को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, राजेश मलिक को भारतीय खाद्य निगम में कार्यकारी निदेशक, राजनीश कुमार तोमर को राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स प्रबंधन लिमिटेड में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (संयुक्त सचिव स्तर) और निष्ठा तिवारी को विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू समुदायों के विकास एवं कल्याण बोर्ड में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (संयुक्त सचिव स्तर) नियुक्त किया गया है।
मनीषा त्रिगटिहा को शहरी विकास विभाग, अविनाश जैन को जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग और पवन कुमार को राष्ट्रीय नदी संरक्षण निदेशालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। अनीता शाह अकेला को राष्ट्रीय महिला आयोग में संयुक्त सचिव नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। तमबोली अय्याज फकीरभाई को भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण में कार्यकारी निदेशक (संयुक्त सचिव स्तर) नियुक्त किया गया है।
