नंदीग्राम में शुभेंदु का रिकॉर्ड तोड़ 1.22 लाख वोटों से जीतीं भाजपा प्रत्याशी, रेजिनगर में भी खिला कमल

कोलकाता, 09 अक्टूबर (हि.स.) । पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रचंड जीत हासिल की है। 15 राउंड की मतगणना के बाद, नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार हासिरानी रथ ने 1,22,753 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया है। वहीं, 74 प्रतिशत मुस्लिम बहुल रेजिनगर सीट पर भी भाजपा के शाखारव सरकार 75,748 वोटों के अंतर से विजयी हुए हैं।

नंदीग्राम में हासिरानी रथ ने वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। 2016 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल उम्मीदवार के रूप में 81,230 वोटों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2021 में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में 1,956 वोटों से और 2026 के चुनाव में 9,665 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उनके दिवंगत नीजी सचिव चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी ने जीत के इन सभी पुराने आंकड़ों को काफी पीछे छोड़ दिया है।

उपचुनाव के इन ऐतिहासिक नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि दोनों ही केंद्रों पर राष्ट्रवादी शक्तियों की जीत हुई है। उन्होंने पहले ही विश्वास जताया था कि तृणमूल कांग्रेस और वामदल इन दोनों सीटों पर कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाएंगे।

वहीं, रेजीनगर के अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में भाजपा को मिले भारी समर्थन की व्याख्या करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को बिना किसी धार्मिक भेदभाव के ‘अन्नपूर्णा योजना’ का लाभ मिला है, जिसके चलते उन्होंने हमें वोट दिया है। विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग की भूमिका और धांधली के आरोपों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी चुनावी प्रक्रिया उच्चतम न्यायालय की निगरानी में संपन्न हुई है।

मतगणना के रुझानों पर गौर करें तो शुरुआत से ही दोनों सीटों पर भाजपा ने निर्णायक बढ़त बना ली थी। नंदीग्राम में 11वें राउंड के बाद हासिरानी रथ 90,203 वोटों से आगे थीं, जो 13वें राउंड के बाद बढ़कर 1,05,854 हो गई और अंततः उन्होंने 1.22 लाख से अधिक वोटों से जीत सुनिश्चित की।

इसी तरह रेजिनगर में भी पोस्टल बैलेट से शुरू हुई बढ़त 12वें राउंड तक 70 हजार के पार पहुंच गई और अंतिम नतीजे में शाखारव सरकार ने 72 हजार से अधिक (अंतिम आंकड़ा 75,748) वोटों से बड़ी जीत दर्ज की।

गौरतलब है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था। दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने कोलकाता की भवानीपुर सीट (जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था) अपने पास रखी और नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी। इसी प्रकार, आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने नाओदा और रेजिनगर दोनों सीटों से चुनाव जीता था और बाद में रेजिनगर सीट छोड़ दी थी। इन्हीं रिक्तियों के कारण मंगलवार, छह अक्टूबर को इन दोनों सीटों पर उपचुनाव कराए गए थे।

Leave a Reply