कुल्लू, 07 अक्तूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के रोहतांग स्थित सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टनल के निर्माण में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के योगदान की सराहना की।
राष्ट्रपति ने कहा कि सीमा सड़क संगठन के समर्पण और कठिन परिश्रम से निर्मित अटल टनल वैश्विक मानकों पर खरा उतरने वाला इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित बुनियादी ढांचा परियोजना देश के सबसे चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में भी निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करने की भारत की तकनीकी क्षमता, दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
अटल टनल सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और इसके निर्माण से मनाली वर्षभर लाहौल-स्पीति घाटी से जुड़ा रहता है। 9.02 किलोमीटर लंबी इस टनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2020 में किया था।
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान मनाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक भुवनेश्वर गौड़ और लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
