काठमांडू, 27 सितंबर (हि.स.)। नेपाल और बेलारूस के बीच राजनयिक, सरकारी तथा सेवा पासपोर्ट धारकों को वीजा छूट देने संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के अवसर पर न्यूयॉर्क में आयोजित एक साइडलाइन कार्यक्रम में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव ने दोनों सरकारों की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते पर हस्ताक्षर से पहले दोनों विदेश मंत्रियों के बीच सौहार्दपूर्ण मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों देशों के आपसी हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में नेपाल-बेलारूस के मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा श्रम, शिक्षा, व्यापार, निवेश और जनस्तरीय संबंधों समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
