रायगंज, 20 सितंबर (हि. स.)। भारी बारिश के बीच एबीवीपी ने दो मृत छात्र -राजेश सरकार और तापस बर्मन की समाधि तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने रविवार को बारिश के बीच पदयात्रा निकाली। इस मार्च में दोनों मृत छात्रों के माता-पिता भी शामिल हुए। इस दौरान फायर एंड रेस्क्यू राज्य मंत्री कौशिक चौधरी, एबीवीपी केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य शुभ्रता अधिकारी सहित संगठन के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दोनों छात्रों की माताएं समाधि स्थल पर पहुंचकर भावुक हो गईं। तापस बर्मन की मां मंजू बर्मन बेटे को याद कर रोते-रोते बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला।
अग्निशमन विभाग के राज्य मंत्री कौशिक चौधरी और एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने राजेश और तापस की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में न्याय मिलेगा। वहीं, एबीवीपी ने बांग्ला भाषा दिवस की मांग का आधिकारिक तौर पर समर्थन किया।
एबीवीपी ने इस घटना के लिए तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस मंत्री गुलाम रब्बानी को जिम्मेदार ठहराते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। संगठन ने यह मांग मृतक छात्रों के परिवारों के साथ उठाई।
इसके अलावा राज्य के कानून मंत्री बिराज बिस्वास, रायगंज से भाजपा सांसद कार्तिक पाल, कालियागंज के विधायक उत्पल महाराज और हेमताबाद के विधायक ने भी राजेश और तापस की समाधि पर श्रद्धांजलि दी। मंत्री और सांसद ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और परिवार को न्याय मिलेगा।
इसके बाद एबीवीपी की ओर से दारिविट हाई स्कूल मैदान में स्मरण सभा आयोजित की गई। सभा के दौरान मंत्रियों, सांसद और विधायकों ने राजेश सरकार और तापस बर्मन को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
