रेलवे ने 275 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को मंजूरी दी

नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और परिचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से दक्षिण तट रेलवे और पश्चिम रेलवे की करीब 275 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

रेलवे ने दक्षिण तटीय रेलवे के सवालयापुरम-गुंटूर खंड में 1×25 केवी विद्युत ट्रैक्शन प्रणाली को 2×25 केवी में उन्नत करने के लिए 142 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह काम 73 रूट किलोमीटर (आरकेएम) और 146 ट्रैक किलोमीटर (टीकेएम) क्षेत्र में किया जाएगा। यह खंड एचयूएन रूट-8 का हिस्सा है, जो वास्को-गडग-गुंतकल-नंद्याल-सवालयापुरम-गुंटूर-विजयवाड़ा मार्ग को जोड़ता है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, ट्रैक्शन प्रणाली के उन्नयन से बिजली आपूर्ति क्षमता और विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा इस मार्ग पर बढ़ते रेल यातायात को अधिक प्रभावी ढंग से संभालने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, पश्चिम रेलवे के उधना-उकाई सोनगढ़ खंड में लेवल क्रॉसिंग संख्या 53 के स्थान पर चार लेन वाले रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण को 133.2295 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई है।

यह परियोजना रेलवे और राज्य सरकार के बीच लागत साझेदारी के आधार पर पूरी की जाएगी। इसमें रेलवे और राज्य सरकार का हिस्सा क्रमश: 66.6147 करोड़ रुपये और 66.6148 करोड़ रुपये होगा। प्रस्तावित आरओबी की रेलवे ब्रिज संरचना ओपन वेब गर्डर की होगी, जिसकी अनुमानित लागत 91.60 करोड़ रुपये है। वायाडक्ट की लंबाई 311.58 मीटर और रेलवे अप्रोच की लंबाई 524.32 मीटर होगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, संबंधित लेवल क्रॉसिंग पर 62 प्रतिशत का स्क्यू होने के कारण इसके डिजाइन और निर्माण में तकनीकी जटिलता है। आरओबी के निर्माण से सड़क यातायात सुगम होगा और रेलवे परिचालन में व्यवधान कम होने के साथ रेल सेवाओं की सुरक्षा और दक्षता बढ़ेगी।

Leave a Reply