मप्र के सागर में बस और कार की भिड़ंत में चार की मौत, एक घायल

सागर, 19 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शनिवार को एक कार को जबलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार चार्टर्ड बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार आज एक कार बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ाकोटा रोड पर स्थित चनाटोरिया के पास पेट्रोल पंप से निकलकर मुख्य मार्ग पर पहुंची ही थी, तभी जबलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार चार्टर्ड बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। कार को टक्कर मारने के बाद बस अनियंत्रित होकर किनारे खंती में जा उतरी और बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया। घटना में घायल एक अन्य व्यक्ति की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। कार हरियाणा नंबर की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की तीन की पहचान प्रशांत जैन (46) निवासी बंडा जिला सागर, निर्मल उर्फ मुन्ना जैन (62) निवासी रामपुरा वार्ड सागर, विकास (43) पुत्र जगदीश कुमार, निवासी हरियाणा के रूप में हुई है, जबकि अस्पताल में उपचार के दौरान जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply