नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एडवाइजरी जारी करते हुए एनसीआर के सभी राज्यों- दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान को निर्देश दिया है कि नवंबर और दिसंबर के महीने में कोई भी फिजिकल स्पोर्ट्स एक्टिविटी या कॉम्पिटिशन शेड्यूल न किया जाए।
आयोग ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि ये फैसला सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने सी मेहता बनाम भारत संघ मामले की सुनवाई के दौरान चिंता जताई थी कि खराब हवा में बच्चों के खेलने से उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। कोर्ट ने 19 नवंबर 2025 को आयोग से कहा था कि स्कूलों के स्पोर्ट्स आयोजन को आगे किसी और महीने में आयोजित किया जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग ने 2026 के लिए भी यही एडवाइजरी दोहराई है।
आयोग की एडवाइजरी में कहा गया है कि अगर नवंबर-दिसंबर में कोई स्पोर्ट्स कॉम्पिटिशन पहले से तय है, तो उसे री-शेड्यूल किया जाए। री-शेड्यूल होने की वजह से जो छात्र हिस्सा नहीं ले पाएं, उन्हें कोई नुकसान न हो, इसका ध्यान रखा जाए। सरकारें बच्चों के लिए बाद में वैकल्पिक अवसर तलाशें, ताकि उनकी सेहत और पढ़ाई दोनों से समझौता न हो।
आयोग ने कहा है कि नवंबर-दिसंबर में पहले से तय खेल प्रतियोगिताओं को दूसरी तारीख पर कराया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि तारीख बदलने के कारण किसी छात्र को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका न गंवाना पड़े। आयोग ने संबंधित सरकारों से बच्चों के लिए बाद में वैकल्पिक खेल अवसर उपलब्ध कराने को भी कहा है। इसका उद्देश्य बच्चों की सेहत को प्रदूषण से बचाने के साथ उनकी पढ़ाई और खेल गतिविधियों को भी प्रभावित होने से रोकना है।
