अगरतला, 12 सितंबर: कांग्रेस के पूर्व विधायक, वरिष्ठ राजनेता और समाजसेवी तपस दे का शुक्रवार रात 1:45 बजे निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर मंत्री रतन लाल नाथ, अगरतला नगर निगम के मेयर दीपक मजूमदार, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक तथा तिपरा मथा के पूर्व सुप्रीमो प्रद्योत किशोर देववर्मन सहित विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
तपस दे के निधन पर मंत्री रतन लाल नाथ ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्व विधायक, वरिष्ठ राजनेता और विशिष्ट समाजसेवी तपस दे के निधन से वह बेहद दुखी और मर्माहत हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार, परिजनों और समर्थकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
वहीं, तिपरा मथा के पूर्व सुप्रीमो प्रद्योत किशोर देववर्मन ने भी तपस दे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने तपस दे को अपने जीवन का पहला राजनीतिक मार्गदर्शक बताते हुए उनके साथ अपने व्यक्तिगत संबंध और उनके योगदान को याद किया।
अपने शोक संदेश में प्रद्योत ने कहा कि तपस बाबू अब नहीं रहे। उन्होंने कहा कि जीवन कितना निर्मम हो सकता है, इसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। प्रद्योत ने बताया कि तपस दे उनके पहले राजनीतिक गाइड थे और उनसे उन्होंने त्रिपुरा के इतिहास तथा राजनीति के बारे में बहुत कुछ सीखा।
प्रद्योत ने तिपरा मथा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से तपस दे के सम्मान में पार्टी के झंडे आधे झुकाने तथा एक मिनट का मौन रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर वह तपस दे को हमेशा याद रखेंगे। प्रद्योत ने यह भी बताया कि उनकी मां राजमाता विभु देवी भी इस दुख की घड़ी में उनके साथ हैं और तपस दे के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
इधर, शनिवार सुबह तपस दे का पार्थिव शरीर सबसे पहले त्रिपुरा विधानसभा परिसर ले जाया गया। वहां विधायक सुदीप रॉय बर्मन सहित अन्य लोगों ने पुष्प अर्पित कर पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को अगरतला प्रेस क्लब ले जाया गया, जहां पत्रकारों, राजनीतिक नेताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
बाद में तपस दे का पार्थिव शरीर राजबाड़ी ले जाया गया। वहां तिपरा मथा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
