सागर जहरीली शराब कांड: मुख्य आरोपित रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

सागर, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र के बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपित रवि लखेरा को सागर पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, बरायठा के जंगल में हनुमान टोंग मंदिर के पास घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को पहले बंडा अस्पताल ले जाया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस का कहना है कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां जहरीली शराब तैयार करने और उसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात सूचना मिली थी कि रवि लखेरा (45 वर्ष), पुत्र सुरेश लखेरा बरायठा क्षेत्र के जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने हनुमान टोंग मंदिर के आसपास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपित ने कथित तौर पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

31 मौतों का दावा, प्रशासन ने 16 की पुष्टि की

बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ने का दावा किया जा रहा है। गुरुवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती तीन और मरीजों की मौत के बाद कुल मौतों का आंकड़ा 31 बताए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक 16 मौतों की पुष्टि की गई है। मौतों के वास्तविक आंकड़े को लेकर प्रशासन और अन्य पक्षों के दावों में अंतर बना हुआ है।

18 आरोपित गिरफ्तार, 13 की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक 33 लोगों को आरोपित बनाया गया है। इनमें रवि लखेरा समेत 18 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक आरोपित की मौत हो चुकी है, जबकि एक अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के अनुसार 13 आरोपित अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

आरोपित रवि लखेरा पर 25 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, करीब 45 वर्षीय रवि लखेरा मूल रूप से छतरपुर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में उत्तर प्रदेश के ललितपुर में रहता है। पुलिस उसे अंतरराज्यीय अवैध शराब नेटवर्क से जुड़ा आरोपित मानती है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत अन्य स्थानों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें कई मामले आबकारी अधिनियम से जुड़े बताए गए हैं। रवि वर्ष 2025 में सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में दर्ज आबकारी मामले में भी फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मई 2026 में ललितपुर में पकड़ी गई कथित नकली शराब फैक्ट्री के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

Leave a Reply