श्रीनगर, 09 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों ने एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करके हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हंदवाडा पुलिस को हंदवाडा-कुपवाड़ा क्षेत्र में प्रतिबंधित हिजबुल मुजाहिदीन (एचएम) मॉड्यूल के तहत एक ‘हाइब्रिड आतंकवादी’ के सक्रिय होने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। ‘हाइब्रिड आतंकवादी’ से तात्पर्य ऐसे गैरसूचीबद्ध, कट्टरपंथी व्यक्ति से है, जो अपने आका के इशारे पर किसी विशिष्ट विध्वंसक या हिंसक कार्य को अंजाम देता है और फिर सामान्य जीवन में लौट जाता है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने हंदवाडा कस्बे में चिन्हित स्थान पर त्वरित कार्रवाई की। गहन सुरक्षा जांच के बाद हंदवाडा के क्रुहमुरा निवासी मंजूर अहमद भट को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक चीनी पिस्तौल, दो मैगज़ीन और पिस्तौल के 16 राउंड कारतूस बरामद किए गए।
प्रवक्ता के अनुसार मंजूर अहमद भट को पहले दो मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि हंडवाडा पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया गया है। उसके मॉड्यूल और उसके नेटवर्क एवं अन्य संबंधित गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।
