काठमांडू के ठमेल में अवैध रूप से रह रहे 10 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

काठमांडू, 08 सितंबर (हि.स.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू के ठमेल इलाके में अवैध रूप से रहने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में पुलिस ने 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार इलाके में विदेशी नागरिकों के बिना कानूनी अनुमति के रहने की सूचना मिलने के बाद होटल ढाका एक्सप्रेस, होटल डी भेडा और होटल अल रहमान समेत विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों में 46 वर्षीय फहीमा अख्तर हसन, 48 वर्षीय महमूद, 45 वर्षीय महाबुब हसन, 49 वर्षीय रेपोन महमूद, 30 वर्षीय एमडी-केरामत अली खान, 30 वर्षीय साहिदुर रहमान, 50 वर्षीय एमडी खलीलुर रहमान, 28 वर्षीय अरिफुर रहमान, 42 वर्षीय एमडी मारुफ मृधा और 64 वर्षीय मोहम्मद हनीफ मिया हैं। यह सभी काठमांडू महानगरपालिका स्थित ठमेल में रह रहे थे।

पुलिस ने विदेशी नागरिकों के अवैध रूप से रहने संबंधी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। काठमांडू घाटी अपराध जांच कार्यालय के मुताबिक सभी 10 गिरफ्तार लोगों को आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कालिकास्थान स्थित इमिग्रेशन विभाग को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply