नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। भारत का चौथा विमान रविवार को राहत सामग्री की चौथी खेप लेकर काठमांडू पहुंचा और आपदाग्रस्त देश नेपाल के लोगों की मदद के लिए यह सामग्री यहां की सरकार को सौंप दी।
विदेशमंत्री डॉ एस जयशंकर ने एक्स पर लिखा, 11 टन राहत सामग्री लेकर भारत की चौथी उड़ान काठमांडू पहुंच गई है। यह उड़ान नेपाल में चल रहे बचाव और राहत कार्यों में मदद के लिए जरूरी सामान और तकनीकी क्षमताएं लेकर आई है।
इसमें सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए उपकरणों के साथ एक टनल टेक्निकल टीम, डीएनए एनालिसिस के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम तथा कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और हाइजीन किट जैसी राहत सामग्री शामिल है।
उल्लेखनीय है कि नेपाल के रसुवा और आसपास के क्षेत्रों में भोटेकोशी नदी में 26 अगस्त की सुबह अचानक आई विनाशकारी बाढ़ में अब तक करीब 724 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं और सैकड़ों लोग लापता हैं। लापता लोगों में विदेशी नागरिक और सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। बाढ़ ने तीन जिलों में भारी तबाही मचाई है।
