बारुईपुर भाजपा कार्यकर्ता हत्याकांड में चार गिरफ्तार

हुगली, 25 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में भाजपा कार्यकर्ता बापी प्रामाणिक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में भाजपा से निलंबित नेता सुजन मंडल भी शामिल हैं। इसके अलावा कृष्णा मंडल, कनक मंडल और अनिल नाइया को गिरफ्तार किया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार को उत्तर टेंगरबेड़िया गांव में दुर्गापूजा कमेटी के नियंत्रण को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी के बाद रविवार रात भाजपा कार्यकर्ता बापी प्रामाणिक की हत्या कर दी गई।

मृतक के परिवार का आरोप है कि बापी को रात में फोन कर घर से बाहर बुलाया गया और धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। परिवार ने भाजपा से निलंबित नेता सुजन मंडल को इस हमले का कथित मुख्य साजिशकर्ता बताया था। परिवार का आरोप है कि सुजन की योजना के तहत तृणमूल समर्थित बदमाशों ने बापी पर हमला किया।

परिवार ने यह भी दावा किया कि हत्या के समय बापी की पत्नी मौके पर मौजूद थीं और उनकी आंखों के सामने धारदार हथियार से हमला किया गया।

घटना के बाद बारुईपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने सोमवार को तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अब सुजन मंडल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच कर रही है कि बापी की हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और घटना में गिरफ्तार प्रत्येक आरोपित की क्या भूमिका थी।

गौरतलब है कि सुजन मंडल घटना से पहले ही भाजपा से निलंबित कर दिए गए थे। भाजपा की ओर से भी इस मामले में पार्टी का रुख स्पष्ट किया गया है। भाजपा राज्य कमेटी के सदस्य और पूर्व जिला अध्यक्ष उत्तम कर ने सोमवार को आरोप लगाया कि हत्या के पीछे तृणमूल-समर्थित बदमाशों का हाथ है। उन्होंने कहा कि जिस नेता पर आरोप लगाया जा रहा है, उसे पार्टी ने कई दिन पहले ही निलंबित कर दिया था।

Leave a Reply