-सांची उप डाकघर के कायाकल्प और लुक एण्ड फील इम्प्रूवमेंट का कार्य पूर्ण
रायसेन, 23 अगस्त (हि.स.)। मप्र के सांची उप डाकघर का केन्द्रीय मंत्री शिवराज और सिंधिया सोमवार को वर्चुअली लोकार्पण करेंगे।
भारत सरकार की डाकघर आधुनिकीकरण की महत्वकांक्षी पहल के अंतर्गत स्कूल ऑफ प्लॉनिंग एण्ड आर्किटेक्चर नई दिल्ली के डिजाइन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप मध्य प्रदेश के सांची उपडाकघर के कायाकल्प एवं लुक एण्ड फील इम्प्रूवमेंट का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सांची की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए डाकघर भवन को आधुनिक, आकर्षक एवं नागरिक केन्द्रित स्वरूप प्रदान किया गया है।
जनसम्पर्क अधिकारी अनुभा सिंह ने रविवार को बताया कि सोमवार, 24 अगस्त को केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री चन्द्र शेखर और डाक विभाग के सचिव सुब्रत दास द्वारा शाम लगभग 05 बजे वर्चुअल माध्यम से इस अत्याधुनिक उप डाकघर का लोकार्पण किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर सांची में आयोजित कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम अहिरवार, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आरएस रघुवंशी निदेशक डाक भोपाल सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल होंगे।
बताया गया है कि एसपीए के डिजाइन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप डाकघर भवन के बाहरी एवं आंतरिक स्वरूप को आधुनिक एवं आकर्षक बनाया गया है। इसमें नागरिकों की सुविधा, सुगम आवागमन, बेहतर कार्यप्रवाह तथा आधुनिक सेवा अनुभव को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सांची उपडाकघर का आधुनिकीकरण केवल भवन के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि डाकघरों को आधुनिक एवं नागरिक केन्द्रित जनसेवा केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं एवं बेहतर सेवा वातावरण के माध्यम से नागरिकों को स्पीड पोस्ट, डाक बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, आधार, पार्सल तथा अन्य डाक एवं वित्तीय सेवाएं अधिक सुविधाजनक ढंग से उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। विश्व की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ आधुनिक डाक सेवाओं का यह समन्वय डाक विभाग की विरासत, आधुनिकता एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।
