अमेरिकी राजदूत के साथ जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर चर्चा करूंगा, शिकायत नहीं: उमर अब्दुल्ला

श्रीनगर, 19 अगस्त (आईएएनएस): जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आए अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ केंद्र शासित प्रदेश की स्थिति पर चर्चा करने की बात बुधवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कही। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह बैठक में कोई शिकायत नहीं करेंगे।

श्रीनगर में विकास कार्यों का निरीक्षण और उनकी प्रगति की समीक्षा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों का समाधान भारत सरकार को करना है, वॉशिंगटन को नहीं। इसलिए अमेरिकी राजदूत के सामने किसी तरह की शिकायत करने या उनसे समस्याओं का समाधान मांगने का सवाल ही नहीं उठता।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर बुधवार को पहली बार जम्मू-कश्मीर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान वह श्रीनगर में केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात करेंगे।

उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अमेरिकी राजदूत के साथ लंबे अंतराल के बाद उनकी मुलाकात होने जा रही है और वह इस बातचीत को लेकर उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि वह बैठक में राजदूत को अधिक सुनना पसंद करेंगे। वहीं, राजदूत भी जम्मू-कश्मीर की स्थिति के बारे में जानकारी लेने आए हैं। ऐसे में बातचीत में क्या सामने आता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह श्रीनगर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया और कई विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने बताया कि जिन अधिकांश परियोजनाओं की समीक्षा की गई, उनका काम संतोषजनक ढंग से आगे बढ़ रहा है। हालांकि, कुछ परियोजनाओं में प्रशासन की ओर से अतिरिक्त प्रयास की जरूरत है।

इस बीच, भाजपा की ओर से नियुक्तियों में भ्रष्टाचार के आरोपों पर सवाल पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस, क्राइम ब्रांच और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उनके नियंत्रण में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में भ्रष्टाचार हुआ है तो जांच होनी चाहिए, मामला दर्ज किया जाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

सर्जियो गोर 2026 से भारत में अमेरिका के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा, वह अगस्त 2025 से दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के लिए अमेरिकी विशेष दूत की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे पहले वह जनवरी से अक्टूबर 2025 तक व्हाइट हाउस के प्रेसिडेंशियल पर्सनेल ऑफिस के निदेशक रहे थे।

अगस्त 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गोर को भारत में अमेरिकी राजदूत और दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के विशेष दूत के रूप में नामित किया था। इसके बाद अक्टूबर में अमेरिकी सीनेट ने उनके नामांकन को मंजूरी दी।

–आईएएनएस

Leave a Reply