विदेशी बंदरगाहों पर भारतीय नौसैनिक जहाजों ने फहराया तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर दिखी भारत की समुद्री मौजूदगी

मस्कट, 16 अगस्त (आईएएनएस): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मस्कट, पोंटा डेलगाडा और जिबूती समेत विदेशों के विभिन्न बंदरगाहों पर भारतीय नौसेना के जहाजों पर तिरंगा फहराकर भारत की समुद्री मौजूदगी और अंतरराष्ट्रीय मित्रता का संदेश दिया गया। भारतीय नौसेना ने रविवार को बताया कि विदेशों में तैनात भारतीय नौसैनिक जहाजों पर देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे गौरव और सम्मान के साथ मनाया गया।

नौसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि तिरंगा फहराकर भारतीय नौसेना ने समुद्र के पार भारत की भावना और चेतना को पहुंचाया। जिबूती, मस्कट और पोंटा डेलगाडा समेत विभिन्न विदेशी बंदरगाहों पर भारतीय नौसैनिक जहाजों ने स्वतंत्रता दिवस मनाया। राष्ट्रीय ध्वज ने भारत की समुद्री मौजूदगी, गौरव और मित्रता के दीर्घकालिक संबंधों को प्रतिबिंबित किया।

विशाखापत्तनम श्रेणी के विध्वंसक पोत आईएनएस इम्फाल ने ओमान के मस्कट बंदरगाह में अपने पोर्ट कॉल के दौरान गर्व के साथ तिरंगा फहराया। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि भारत की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आईएनएस इम्फाल पर तिरंगा फहराया गया, जो भारत-ओमान की स्थायी मित्रता और समुद्री सहयोग को दर्शाता है।

ओमान में भारत के राजदूत प्रशांत पिसे ने आईएनएस इम्फाल का दौरा किया और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहाज के चालक दल को बधाई दी। जहाज के चालक दल ने दूतावास में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में भी हिस्सा लिया।

इस बीच, भारतीय नौसेना के सेल प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी ने पुर्तगाल के अजोरेस द्वीपसमूह के पोंटा डेलगाडा बंदरगाह पर स्वतंत्रता दिवस मनाया। पुर्तगाल स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि वहां भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस को गर्व और देशभक्ति के साथ मनाया गया। समारोह में देश की विरासत, राष्ट्रीय भावना और समुद्री परंपराओं को प्रदर्शित किया गया।

पोंटा डेलगाडा बंदरगाह में प्रवास के दौरान आईएनएस सुदर्शिनी को तिरंगे की रोशनी से सजाया गया। इसके माध्यम से भारत और पुर्तगाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे मित्रता, सद्भावना और समुद्री सहयोग के संबंधों का संदेश दिया गया।

भारतीय नौसेना ने बताया कि अमेरिका के बोस्टन से 19 दिनों की ट्रांस-अटलांटिक यात्रा पूरी करने के बाद आईएनएस सुदर्शिनी 13 अगस्त को अजोरेस के पोंटा डेलगाडा बंदरगाह पहुंचा। ‘लोकायन 26’ तैनाती के तहत यह एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है और भारत-पुर्तगाल समुद्री साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

जहाज के कमांडिंग ऑफिसर ने अजोरेस मैरीटाइम जोन के कमांडर कोमोडोर लुइस निकोलसन लाव्रादोर से मुलाकात की। जहाज के प्रवास के दौरान पुर्तगाली नौसेना के साथ पेशेवर संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इससे दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच पेशेवर सहयोग, आपसी समझ और मैत्रीपूर्ण संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है।

–आईएएनएस

Leave a Reply