मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग से लेकर खेल प्रतिभा की खोज तक: स्वतंत्रता दिवस पर मोदी की कई बड़ी घोषणाएं

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं, शिक्षा, तकनीक, खेल, नागरिक सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग, 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए देशव्यापी खेल प्रतिभा खोज अभियान, आधुनिक सिविल डिफेंस नेटवर्क और एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रशिक्षण देने की योजना का ऐलान किया।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कोचिंग के बढ़ते खर्च को कम करने के लिए प्रधानमंत्री ने मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, दक्ष शिक्षकों और देश के प्रतिभाशाली शिक्षकों को एक मंच पर लाकर एक व्यापक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और विद्यार्थी घर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

आधुनिक सुरक्षा और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए एक मजबूत सिविल डिफेंस नेटवर्क विकसित करने की बात भी प्रधानमंत्री ने कही। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण से लैस एक बड़े स्वयंसेवी बल के गठन की योजना है। इस बल को विभिन्न आपात स्थितियों और समकालीन संकटों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

खेल क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री ने बड़ी घोषणा की। 2036 के ओलंपिक में कम से कम तीन-चौथाई स्पर्धाओं में भारत की भागीदारी सुनिश्चित करने के लक्ष्य के साथ 5 से 15 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए देशव्यापी खेल प्रतिभा खोज कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने की योजना है।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर भी प्रधानमंत्री ने जोर दिया। उन्होंने बताया कि देश में पहले ही तीन बड़े सेमीकंडक्टर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं और वहां से निर्यात के लिए उत्पादन भी शुरू हो गया है। आने वाले वर्षों में पांच से आठ और सेमीकंडक्टर संयंत्र शुरू करने की योजना है।

परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भी बड़ा लक्ष्य सामने रखते हुए मोदी ने कहा कि 2047 तक भारत की परमाणु बिजली उत्पादन क्षमता को 100 गीगावाट तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अगले छह से सात वर्षों में पांच नए परमाणु रिएक्टर शुरू करने की योजना है। साथ ही फास्ट ब्रीडर न्यूक्लियर तकनीक में भारत की प्रगति को आत्मनिर्भर परमाणु ईंधन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत की 50 कंपनियों को दुनिया की फॉर्च्यून 500 सूची में शामिल कराने और कम से कम एक भारतीय बैंक को दुनिया के शीर्ष पांच बैंकों में पहुंचाने का लक्ष्य भी सामने रखा।

इसके अलावा, अगले एक वर्ष में एक करोड़ युवाओं को एआई आधारित कौशल प्रशिक्षण देने की योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय युवाओं में ऐसी क्षमताएं विकसित करना है, जिससे भारत एआई के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर सके।

प्रधानमंत्री ने बताया कि देश में वर्तमान में 2.5 लाख से अधिक स्टार्टअप हैं। उनके अनुसार, युवाओं की नवाचार क्षमता, तकनीकी दक्षता और उद्यमशीलता की भावना का उपयोग करके ही 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply