नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस): विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह की हालिया कोट द’आइवोर यात्रा, अफ्रीका के साथ भारत की व्यापक भागीदारी के तहत पश्चिम अफ्रीकी देश के साथ बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों को और गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कोट द’आइवोर सरकार के निमंत्रण पर कीर्तिवर्धन सिंह ने 6 से 8 अगस्त तक आबिदजान की आधिकारिक यात्रा की। उन्होंने पश्चिम अफ्रीकी देश के 66वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा ने भारत और कोट द’आइवोर के बीच संबंधों को और मजबूत करने की गति को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। विदेश राज्यमंत्री और उनके साथ गए भारतीय सशस्त्र बलों के दल का गर्मजोशी से स्वागत दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता और सद्भावना को दर्शाता है।
यात्रा के दौरान कीर्तिवर्धन सिंह ने राष्ट्रीय दिवस समारोह में हिस्सा लिया और राष्ट्रीय दिवस परेड में भारतीय सशस्त्र बलों के मार्चिंग दल की भागीदारी देखी। उन्होंने कोट द’आइवोर की स्टेट मिनिस्टर एवं विदेश तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री नियाले काबा के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसके अलावा उन्होंने देश के राष्ट्रपति अलासाने औत्तारा से भी मुलाकात की।
बैठकों में आर्थिक एवं विकास साझेदारी, रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भारत-कोट द’आइवोर बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा आबिदजान में भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ विदेश राज्यमंत्री की बातचीत भी रही। विदेश मंत्रालय ने बताया कि कीर्तिवर्धन सिंह ने भारत और कोट द’आइवोर के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने में भारतीय समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
उन्होंने विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों और प्रवासी भारतीयों के कल्याण, सुरक्षा और हितों के प्रति भारत सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
