सिनकफील्ड कप में विश्व चैंपियनशिप चैलेंजर सिंदारोव को हराकर प्रज्ञानानंदा ने किया बड़ा उलटफेर

सेंट लुइस, 12 अगस्त (आईएएनएस): भारत के ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानानंदा ने सिनकफील्ड कप के दूसरे दौर में विश्व चैंपियनशिप चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को हराकर बड़ा उलटफेर किया। छह घंटे तक चले मैराथन मुकाबले में 95 चालों के बाद जीत दर्ज कर उन्होंने टूर्नामेंट में अपना पहला विजय हासिल किया।

पहले दौर में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर सैम सेवियन के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद प्रज्ञानानंदा के खाते में आधा अंक था। सिंदारोव पर जीत के बाद अब वह दो दौर में 1.5 अंक लेकर चार अन्य खिलाड़ियों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।

रुक-नाइट एंडगेम में प्रज्ञानानंदा ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। 46वीं चाल के बाद कई मोहरों के आदान-प्रदान से बोर्ड पर रुक और नाइट के साथ दो प्यादों बनाम रुक और नाइट के साथ एक प्यादे का एंडगेम बन गया। 82वीं चाल पर सिंदारोव से बड़ी गलती हुई, जिसका फायदा उठाकर प्रज्ञानानंदा ने अपनी बढ़त मजबूत की और 95वीं चाल पर जीत पक्की कर ली।

20 वर्षीय भारतीय ग्रैंडमास्टर की इस जीत ने उन्हें टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में ही खिताब के प्रमुख दावेदारों में शामिल कर दिया है।

दूसरे दौर में तीन अन्य मुकाबलों के भी निर्णायक परिणाम आए। लेवोन एरोनियन ने विंसेंट कीमर को, मैक्सिम वाचिए-लाग्राव ने सैम सेवियन को और वेस्ली सो ने जोर्डन वैन फॉरेस्ट को हराया।

तीसरे दौर में बुधवार रात 10:30 बजे प्रज्ञानानंदा का सामना कीमर से होगा। दो दौर के बाद पांच खिलाड़ी 1.5-1.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जिससे शुरुआती चरण में ही शीर्ष स्थान की लड़ाई रोमांचक हो गई है।

2026 का सिनकफील्ड कप ग्रैंड चेस टूर के नियमित सत्र का अंतिम पड़ाव और प्रमुख क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिताओं में से एक है। 10 से 19 अगस्त तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 10 शीर्ष ग्रैंडमास्टर नौ दौर के क्लासिकल शतरंज मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं। 2026 ग्रैंड चेस टूर ग्रैंड फाइनल से पहले टूर अंक हासिल करने का यह अंतिम अवसर है।

इससे पहले 2026 सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज में प्रज्ञानानंदा ने अपना पहला रैपिड और ब्लिट्ज खिताब जीता था। ग्रैंड चेस टूर के पहले अमेरिकी चरण में उन्होंने रैपिड वर्ग में संभावित 18 में से 12 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान बनाया और फिर ब्लिट्ज में कुल खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के लिए भारतीय स्टार को 50,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली। उनके रैपिड प्रदर्शन ने उन्हें करियर में पहली बार लाइव विश्व रैपिड रैंकिंग के शीर्ष 10 में भी पहुंचाया।

–आईएएनएस

Leave a Reply