‘छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग गलत’, झारखंड सरकार से जल्द समस्या का समाधान करने की राहुल गांधी की अपील

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस): झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘गलत’ बताया है। साथ ही उन्होंने झारखंड सरकार से आंदोलनरत छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की है।

सोमवार को झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों ने बैरिकेड तोड़कर विधानसभा परिसर की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इसी के बाद राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया सामने आई।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग गलत है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना छात्रों का अधिकार है। और समाधान केवल बातचीत के जरिए ही संभव है। झारखंड सरकार को इन छात्रों की बात सुननी चाहिए और जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।”

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता की मांग को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने विधानसभा की ओर मार्च किया। कई बैरिकेड पार करने के बाद जब प्रदर्शनकारी विधानसभा के करीब पहुंच गए, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ-साथ आंसू गैस और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।

प्रदर्शनकारियों द्वारा कई बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने के बाद वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी उनकी मांगें पूरी होने और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इस बीच, झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर ‘चुप्पी’ साधने का आरोप लगाते हुए भाजपा लगातार राहुल गांधी पर निशाना साधती रही है। झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन का सहयोगी है।

इसी बीच, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की जांच के मामले में राज्य पुलिस के क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को सीआईडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply